गंगा एक्सप्रेसवे के लिए आज से शुरू होंगे बैनामे
गढ़मुक्तेश्वर। फरवरी माह में शुरू हुआ गंगा एक्सप्रेसवे का कार्य चुनाव और कोरोना के चलते थम गया था। योजना के तहत होने वाली रजिस्ट्री भी रुक गई।। लेकिन अब फिर से किसानों के रुके हुए बैनामे होने जा रहे हैं।
मेरठ से लेकर प्रयागराज तक गंगा एक्सप्रेसवे का कार्य अधिकारियों की पंचायत चुनाव और कोविड सेंटर में ड्यूटी लगने के कारण अधर में अटक गया था। जिसमें कई किसानों की भूमि अधिग्रहण के लिए रजिस्ट्री भी नहीं हो पाई है। विधानसभा चुनाव से पहले यह कार्य पूरा होना है। सरकार की प्राथमिकताओं में यह योजना शामिल है। ऐसे में किसानों के रुके हुए बैनामे कराने की तैयारी शुरू कर दी गई है।
अब तक 69 हेक्येर भूमि का हुआ अधिग्रहण
गंगा एक्सप्रेस वे में गढ़ तहसील क्षेत्र के साढ़े तीन सौ किसानों की करीब 69 हेक्टेयर भूमि अधीग्रहण की जा चुकी है। जिसमें से एक अरब 20 करोड़ से अधिक का मुआवजा किसानों को दिया जा चुका है।
गढ़ तहसील क्षेत्र में 25 किमी दूरी पर निकलेगा हाईवे
गढ़ में गंगा एक्सप्रेस वे मेरठ से लेकर प्रयागराज तक कुल दूरी 594 किलोमीटर का रहेगा, जिसमें गढ़ तहसील क्षेत्र में करीब 25 किलोमीटर लंबाई का होगा, जिसके बाद वह जनपद अमरोहा के मिर्जापुर डगर में निकलेगा।
गढ़ के 22 गांवों से गुजरेगा गंगा एक्सप्रेसवे
गांव दत्तियाना, पीरनगर, हिम्मतपुर, राजपुर, फरीदपुर, सिखैड़ा, मुरादपुर, बंगौली, आलापुर, किरायवली बांगर, शंकराटीला बांगर, सिगंनपुर, बहादुरगढ़, आलमनगर, भैना, सदरपुर, चुचांवाली मढैया, जखैड़ा रहमतपुर, चांदनेर, बहापुर ठेरा, भदस्याना और रजापुर से होकर गुजरेगा एक्सप्रेस वे।
अधिग्रहण की प्रक्रिया जल्द होगी पूरी
तहसीलदार विवेक भदौरिया ने बताया कि पंचायत चुनाव और कोविड सेंटर में ड्यूटी लगने के कारण अधिकारी और कर्मचारी व्यस्त हो गए थे, जिसके चलते बीच में कार्य रुक गया था। लेकिन अब रविवार से फिर से बैनामे शुरू हो रहे हैं। जल्द ही जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया को पूरा कर लिया जाएगा।