लोदीपुर सोभन में प्रधान पद के लिए आज होगा मतदान
गढ़मुक्तेश्वर। गांव लोदीपुर सोभन में प्रधान पद के चुनाव के लिए मतदान रविवार (आज) होगा। जिसके लिए निर्वाचन आयोग और स्थानीय प्रशासन द्वारा सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। मतदान केंद्र पर बूथों की सफाई और सैनिटाइजेशन कराया गया है। वहीं पोलिंग पार्टियां रवाना हो गई हैं।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दौरान पूर्व में हुई प्रक्रिया के दौरान गढ़ ब्लॉक क्षेत्र के गांव लोदीपुर सोभन में प्रधान पद पर रकम सिंह ने नामांकन दाखिल किया था। नामांकन पत्रों की जांच के बाद 21 अप्रैल को सभी प्रत्याशियों को निर्वाचन अधिकारी द्वारा चुनाव चिन्हों का आवंटन कर दिया गया था। लेकिन बीमारी के चलते 22 अप्रैल को मेरठ के अस्पताल में उपचार के दौरान रकम सिंह का निधन हो गया था। जिससे निर्वाचन प्रक्रिया बाधित हो गई। जिसके चलते जिला निर्वाचन अधिकारी/डीएम अनुज सिंह के निर्देश पर लोदीपुर सोभन में 29 अप्रैल को ग्राम प्रधान पद के लिए होने वाला मतदान रद्द कर दिया गया था। ग्राम पंचायत सदस्य, बीडीसी और जिला पंचायत सदस्य पद के लिए ही मतदान हुआ।
निर्वाचन अधिकारी प्रमोद सैनी ने बताया कि लोदीपुर सोभन ग्राम पंचायत में प्रधान पद के मतदान के लिए नौ मई निर्धारित की गई थी, जिसके चलते आज लाला बाबू बैजल मैमोरियल इंटर कॉलेज में बनाए गए दो बूथों पर मतदान की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी। जिसके लिए मतदान केंद्र पर बूथों की बैरिकेडिंग समेत सफाई और सैनिटाइजेशन कराया जा चुका है। ग्राम प्रधान पद पर सात प्रत्याशियों के लिए मतदान होगा। पोलिंग पार्टियां मतदान प्रक्रिया पूर्ण कराने के लिए रवाना कर दी गई हैं। उन्होंने बताया कि सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक मतदान कराया जाएगा। जिसके बाद मतपेटियों को कड़ी सुरक्षा के बीच ब्लॉक कार्यालय में सुरक्षित रखवाया जाएगा। 11 मई को मतगणना के बाद चुनाव का परिणाम घोषित कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि मतदान के दौरान कोविड-19 को लेकर जारी दिशानिर्देशों का पालन सख्ती से कराया जाएगा। संवाद