लोदीपुर सोभन में ग्राम प्रधान पद के लिए नौ मई को होगा चुनाव
गढ़मुक्तेश्वर। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में चुनाव चिन्ह आवंटित होने के बाद गांव लोदीपुर सोभन में ग्राम प्रधान पद के प्रत्याशी की मौत के बाद जिला निर्वाचन अधिकारी ने प्रधान पद का चुनाव निरस्त कर दिया था। जिसके चलते अब नौ मई को गांव में मतदान होगा। इसके लिए प्रत्याशियों ने नामांकन किए हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी अनुज सिंह ने बताया कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दौरान गढ़ ब्लॉक क्षेत्र के गांव लोदीपुर सोभन निवासी रकम सिंह ने ग्राम पंचायत पद के लिए नामांकन दाखिल किया था। जिसकी नामांकन दाखिल करने के बाद तबीयत खराब हो गई। 21 अप्रैल को चुनाव चिन्ह आवंटन के बाद रकम सिंह ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। जिसके चलते गांव लोधीपुर सोभन में ग्राम प्रधान पद का चुनाव स्थगित कर दिया गया था। एआरओ योगेश चंद ने बताया कि शुक्रवार को ग्राम प्रधान पद के लिए मृतक रकम सिंह की पत्नी सरिता ने अपना नामांकन दाखिल किया है। इसके अलावा पूर्व में भोपाल सिंह, शिवम, नेमपाल सिंह, दिनेश, धीरज सिंह व प्रागवती के नामांकन भी वैध हैं। जिसके चलते ग्राम प्रधान पद के चुनाव में सात प्रत्याशी हैं। सभी नामांकन पत्रों की जांच कर ली गई है। एक मई (आज) तीन बजे तक नाम वापसी और उसके बाद चुनाव चिन्हों का आवंटन किया जाएगा। प्रधान पद के लिए मतदान नौ मई को सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक होगा। वहीं 11 मई को मतगणना की जाएगी। जिसके लिए राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सभी इंतजाम पूरे किए जा रहे हैं।