सड़क हादसे में दादा-पोते समेत पांच घायल
गढ़मुक्तेश्वर। गढ़-सिंभावली क्षेत्र में हुए सड़क हादसों में दादा-पोते समेत पांच लोग घायल हो गए। उन्हें स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराया गया। जहां से चिकित्सकों ने दो लोगों को मेरठ रेफर कर दिया।
जनपद गाजियाबाद के हरसाऊं निवासी रामचंद्र अपने पोते शैंकी के साथ मंगलवार को चैत्र पूर्णिमा पर ब्रजघाट गंगा स्नान के लिए जा रहे थे। नेशनल हाईवे पर सिंभावली क्षेत्र में वैठ मोड के निकट अज्ञात वाहन की टक्कर से उनकी बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। जिससे बाइक सवार दादा-पोता घायल हो गए।
वहीं गढ़-मेरठ रोड पर गांव नानपुर के निकट हुए सड़क हादसे में किठौर निवासी समयदीन और उसका साथी मसकूर घायल हो गए। ब्रजघाट से गंगा स्नान कर लौटने के दौरान ब्रजघाट-पलवाड़ा रोड पर गांव बलवापुर में अचानक सामने आए बच्चे को बचाने के चक्कर में तेजी से ब्रेक लगाने पर स्याना निवासी राजेंद्र घायल हो गए। सभी घायलों को स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां से चिकित्सकों ने रामचंद्र और शैंकी को मेरठ रेफर कर दिया है। संवाद