कोरोना गाइडलाइन के उल्लंघन में 155 पर मुकदमा
गढ़मुक्तेश्वर। बहादुरगढ़ पुलिस ने लुहारी में कोरोना गाइडलाइन और धारा 144 के उल्लंघन में प्रधान पद के प्रत्याशी समेत 155 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
एसओ बहादुरगढ़ राजीव कुमार बालियान ने बताया कि शुक्रवार की रात एसआई संजीव कुमार पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। रात करीब 12 बजकर 45 मिनट पर पुलिस टीम गांव लुहारी पहुंची। इस दौरान प्रधान पद के प्रत्याशी महेश समेत उसके साथी अय्यूब, किशन, टिंकू, अजरूद्दीन के साथ करीब 150 अन्य व्यक्ति गांव में चुनाव प्रचार कर रहे थे। जिन्होंने कोविड-19 संक्रमण को लेकर जारी गाइडलाइन का भी पालन नहीं किया हुआ था। पुलिस टीम ने जब चुनाव प्रचार की अनुमति दिखाने के लिए कहा, तो प्रत्याशी व उसके समर्थक कोई अनुमति नहीं दिखा सके। पुलिस को देखकर अन्य लोग तो मौके से भाग निकले, लेकिन उक्त पांचों लोगों को हिरासत में ले लिया है। एसओ ने बताया कि पांचों आरोपियों को नामजद कर उनके 150 अज्ञात समर्थकों के खिलाफ महामारी अधिनियम समेत अन्य धाराओं में कार्रवाई की गई है।