युवक को पत्रकार बनाने का झांसा देकर 11 हजार रुपये ठगे
गढ़मुक्तेश्वर। जनपद मेरठ निवासी युवक को पत्रकार बनाने के नाम पर दो युवकों ने 11 हजार रुपये ठग लिए। रुपये वापस मांगने पर आरोपियों ने पीड़ित को धमकी दी। युवक ने एसपी को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
जनपद मेरठ के थाना किठौर क्षेत्र के कस्बा शाहजहांपुर निवासी जाकिर ने एसपी नीरज कुमार जादौन को शिकायती पत्र दिया है। बताया कि करीब छह माह पहले उसकी मुलाकात गढ़ कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में रहने वाले एक युवक से हुई, जिसने खुद को एक प्रतिष्ठित टीवी चैनल में डिवीजन हैड बताया। पीड़ित का कहना है कि आरोपी युवक ने उसकी मुलाकात एक अन्य युवक से कराते हुए उसे उक्त टीवी चैनल में रिपोर्टर बताया। जिन्होंने उसे टीवी चैनल के मेरठ कैंट स्थित कार्यालय में आने के लिए कहा। वहीं दोनों ने उसे उक्त टीवी चैनल में रिपोर्टर बनाने का झांसा दिया। इसके लिए उससे 11 हजार रुपये की मांग की। दोनों की बात पर विश्वास करते हुए उसने 15 अगस्त को आरोपियों को 11 हजार रुपये दे दिए। जिसके कुछ दिनों बाद आरोपियों ने एक वेब पोर्टल का आईकार्ड उसे थमा दिया। इसके बाद उसे ठगी का एहसास हुआ। जब उसने आरोपियों से रुपये वापस मांगे तो उसे झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। पीड़ित ने आरोपियों को नामजद कर एसपी से कार्रवाई की मांग की है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक शीलेश कुमार बताया कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी। संवाद