नलकूपों से सामान चोरी करने वाले गिरोह के पांच सदस्य गिरफ्तार
गढ़मुक्तेश्वर। सिंभावली पुलिस ने नलकूपों से मोटर समेत अन्य सामान चोरी करने वाले गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है। जिनके पास से पांच मोटर, दो बाइक, नकदी समेत अन्य सामान बरामद हुआ हैं। आरोपियों पर रिपोर्ट दर्ज कर न्यायालय में पेश किया है।
पुलिस टीम ने बृहस्पतिवार की रात हरौड़ा रोड पर चेकिंग अभियान चलाया। गांव की तरफ से दो बाइकों पर आ रहे युवकों ने पुलिस टीम को देखकर वापस मुड़कर भागने की कोशिश की। संदेह होने पर टीम ने पीछा कर घेराबंदी कर उन्हें रोक लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से नलकूपों की मोटर, 24 हजार रुपये की नकदी, मोटर खोलने के औजार समेत अन्य सामान बरामद हुआ। जिसके बाद आरोपियों को गिरफ्तार कर थाने लाया गया। जहां पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम कपिल निवासी गंगा विहार कॉलोनी, रवि निवासी गांव बुकलाना, रजत, आशु निवासी गांव दरियापुर और अलीम निवासी गांव हरौड़ा थाना सिंभावली बताए हैं। बताया कि वह पांचों मिलकर दिन में खेतों में रैकी करते थे, जिसके बाद रात को नलकूपों में चोरी की घटना को अंजाम देते थे। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने एक माह में करीब 25 मोटर चोरी की हैं। उनके पास मौजूद 24 हजार रुपये मोटर और उनका सामान बेचने से मिले हैं। एसएसआई लाखन सिंह ने बताया कि दोनों बाइकों समेत सभी सामान को कब्जे में ले लिया है। आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया है। संवाद