किशोरी से दुष्कर्म और हत्या का मुख्य आरोपी गिरफ्तार
गढ़मुक्तेश्वर। सिंभावली क्षेत्र निवासी किशोरी का अपहरण कर सामूहिक दुष्कर्म और हत्या के मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। लेकिन अभी तक हत्या के कारण का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
सिंभावली थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी 15 वर्षीय हाईस्कूल की छात्रा का अपहरण करने के बाद भाभी समेत उसके रिश्तेदारों ने अपहरण के बाद सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। जिसके बाद किशोरी की हत्या कर नोएडा के एक अस्पताल के सामने एंबुलेंस में छोड़कर भाग निकले। जिसकी जानकारी एंबुलेंस चालक ने मृतका के परिजनों को दी थी। मृतका के पिता ने घटना के संबंध में सिंभावली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मुख्य आरोपी/किशोरी की भाभी के भाई फिरोज निवासी वैठ समेत अन्य लोगों के खिलाफ अपहरण, दुष्कर्म, हत्या, पॉक्सो एक्ट समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश कर थी। पुलिस ने दबिश देते हुए मामले में तीन आरोपियों को हिरासत में लिया, जिसके बाद मुख्य आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। एसओ राहुल चौधरी ने बताया कि मुख्य आरोपी फिरोज को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी का कहना है कि प्रेम प्रसंग के चलते वह किशोरी को अपने साथ लेकर गया था। लेकिन वह नोएडा में बीमार हो गई, जिसकी उपचार के दौरान मौत होने पर वह लोग डर गए थे। एसओ का कहना है कि पुलिस आरोपी का बातों पर विश्वास न करते हुए सही तथ्यों के आधार पर जांच कर रही है। लेकिन अभी तक हत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया जाएगा। संवाद