सिंभावली पुलिस ने लापता बच्चों को परिजनों से मिलाया।
- फोटो : GARH
बक्सर में बिछड़े तीन मासूमों को पुलिस ने मां से मिलाया
गढ़मुक्तेश्वर। सिंभावली क्षेत्र में हाईवे किनारे नहर पुल के पास लावारिस हालत में मिले तीन बच्चों को स्थानीय लोगों ने पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने बच्चों के परिजनों की तलाश कर उन्हें सौंप दिया।
शुक्रवार दोपहर सिंभावली क्षेत्र के गांव बक्सर में स्थानीय लोगों को तीन बच्चे लावारिस हालत में रोते हुए मिले। जिनसे लोगों ने उनके माता-पिता का नाम और पता पूछा, लेकिन घबराए बच्चे कोई जानकारी नहीं दे सके। स्थानीय लोगों ने पुलिस को बुलाकर बच्चों को सुपुर्द कर दिया। थाने में लाने के बाद पुलिसकर्मियों ने किसी तरह बच्चों से उनके परिजनों के नाम व पता पूछे। बच्चों ने अपने नाम रिहान(5वर्ष), सुरीली (4 वर्ष)और नमरा(3वर्ष)बताए। रिहान ने बताया कि वह लोग गांव सिखैड़ा के रहने वाले हैं, जो अपनी मां के साथ किठौर जाने के लिए चले थे, लेकिन बक्सर नहर पर उनकी मां उन्हें दो महिलाओं के पास बैठाकर किसी काम से गांव वापस गई थी, जो नहीं लौटी। करीब एक घंटे बाद बच्चों की तलाश करते हुए एक महिला सिंभावली थाने पहुंची। महिला गुलबहार ने बताया कि वह बच्चों के साथ अपने मायके किठौर जाने के लिए ऑटो से बक्सर नहर पहुंची थी। लेकिन जल्दबाजी में उसका बैग ऑटो में छूट गया। जिसे लेने के लिए वह बच्चों को वहीं छोड़कर गढ़ पहुंच गई। जहां से वापस लौटने पर बच्चों को तलाश करते हुए थाने पहुंची। पुलिसकर्मियों ने तीनों बच्चों को महिला के सुपुर्द कर दिया। एसओ राहुल चौधरी ने बताया कि बच्चों को महिला को सौंप दिया गया है, वहीं भविष्य में ऐसी गलती न दोहराने की भी हिदायत दी गई है।