शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर की जाएगी कार्रवाई
गढ़मुक्तेश्वर। गढ़ में महाशिवरात्रि के उपलक्ष्य में होने वाले कांवड़ मेले और होली पर्व पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से शांति समिति की बैठक हुईं। जिसमें शांति व्यवस्था बिगाड़ने और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।
गढ़ कोतवाली में सोमवार की शाम एसडीएम विजयवर्धन तोमर और इंस्पेक्टर शीलेश कुमार ने कांवड़ मेले और होली के पर्व के मद्देनजर शांति समिति की बैठक की। एसडीएम ने क्षेत्र के सभी समाज के लोगों से कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में सहयोग की अपील की। वहीं होली पर्व पर आपसी भाईचारा और सौहार्द कायम रखने का भी आह्वान किया। एसडीएम विजयवर्धन तोमर ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्तों के साथ अभद्रता और माहौल खराब करने वाले लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। इस दौरान माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों को उन्होंने कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है। वहीं इंस्पेक्टर शीलेश कुमार ने कहा कि सोशल साइटों पर अफवाहें फैलाने वालों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर इंस्पेक्टर योगेश बालियान, एसएसआई केपी सिंह, अमित सिंह, जितेंद्र कुमार, हिमांशु गुप्ता, हरीश पुरुषोत्तम, संदीप नीटू, ललित गोयल, लोकेश गर्ग, अंकुर त्यागी, सोनू गर्ग, गुड्डू मुनकाद, आरिफ खां, अंबार, भारत भूषण कंसल, सुमन प्रधान समेत दर्जनों लोग मौजूद रहे।