कांग्रेसियों ने बढ़ती महंगाई के विरोध में निकाला पैदल मार्च
गढ़मुक्तेश्वर। कांग्रेसियों ने पेट्रो पदार्थों की कीमत और बढ़ती महंगाई के विरोध में सरकार के खिलाफ पैदल मार्च निकाला। जिसके बाद राष्ट्रपति के नाम तहसील प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर महंगाई से निजात दिलाने की मांग की।
आंबेडकर पार्क के पास से बुधवार को जिलाध्यक्ष मिथुन त्यागी के नेतृत्व में पैदल मार्च करते हुए कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता केंद्र और प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए तहसील मुख्यालय पहुंचे। जहां कांग्रेसियों ने राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन न्यायिक तहसीलदार सुरेंद्र सिंह को सौंपा। इस मौके पर जिलाध्यक्ष मिथुन त्यागी ने कहा पेट्रो पदार्थों के दाम आसमान छू रहे हैं। आम जनता त्रस्त है, लेकिन सरकार को केवल उद्योगपतियों की चिंता है, आम जनता से कोई सरोकार नहीं है। वहीं एलपीजी सिलिंडर आठ सौ रुपये का मिल रहा है। जिला महासचिव मनोज कौशिक ने कहा प्रदेश में महिलाओं पर अत्याचार बढ़ रहे हैं, महिला सुरक्षा की बात करने वाली सरकार सुरक्षा देने में विफल रही है। सेवादल जिलाध्यक्ष मुकेश कौशिक ने कहा की जिस जनता ने अच्छे दिनों के सपने देखकर मोदी व योगी सरकार को चुना था, वह अब अपने आप को ठगा महसूस कर रही है। अब जनता जल्द भाजपा के शासन से मुक्ति चाहती है। पूर्व नगराध्यक्ष हरीश पुरुषोत्तम ने कहा कि भाजपा की सरकारों ने केवल अपने पूंजीपति व व्यापारी मित्रों को फायदा पहुंचाने का काम किया है और जनता के साथ खुली लूट की है। कांग्रेसियों ने राष्ट्रपति से महंगाई और अपराधों पर अंकुश लगाने की मांग की। इस मौके पर जिला उपाध्यक्ष ज्ञानेंद्र गुप्ता, इरफान कुरैशी, जिला राधिका केम, विधि प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष रघुबीर सिंह, अल्पसंख्यक जिलाध्यक्ष ऐजाज अहमद, कर्ण सिंह यादव, आजाद सैफी, नूर मोहम्मद, चंद्रपाल केन, शकील अहमद, जय प्रकाश, भूषण गुर्जर, मोहम्मद उमर, दीपक कुमार, डॉ. फराहीम, मुन्नी बेगम, शबीला, हरीश कुमार, नुरू, उमर समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। संवाद