हादसे में मां बेटा समेत पांच घायल
गढ़मुक्तेश्वर। गढ़ और सिंभावली क्षेत्र में हुए सड़क हादसों में मां बेटा समेत पांच लोग घायल हो गए। राहगीरों ने घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
अमरोहा के हसनपुर क्षेत्र निवासी विवेक और रंजीत सिंह कार में सवार होकर रविवार को मेरठ रिश्तेदारी में जा रहे थे। जैसे ही वह ब्रजघाट के पास नेशनल हाईवे पर गांव पलवाड़ा मोड़ के पास पहुंचे तो पीछे से आ रही तेज गति से आ रही इनोवा ने कार में साइड मार दी, जिससे कार क्षतिग्रस्त हो गई और कार में सवार दोनों साथी घायल हो गए।
वहीं दूसरे हादसेे में नोएडा निवासी निधि शर्मा स्कूटी पर सवार होकर अपनी बेटे अनु के साथ गंगा स्नान के लिए आई थी। वहां से लौटने के दौरान सिंभावली थाना क्षेत्र के गांव सरुरपुर में नेशनल हाईवे पर चौड़ीकरण के कार्य के चलते स्कूटी डिवाइडर से टकरा गई, जिससे दोनों मां बेटा घायल हो गए। इसके अलावा बुलंदशहर निवासी नितिन बाइक पर सवार होकर गढ़ के गांव नानपुर से लौट रहा था। जैसे ही वह गढ़ में स्याना रोड पर पहुंचा तो सालारपुर के पास पहुंचे ही बाइक के आगे पशु आ गया, जिसको बचाने में नितिन बाइक से गिर गया। घायलों को राहगीरों ने कब्जे में लेकर निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया। चिकित्सकों ने बताया कि घायल व्यक्ति बिना किस कार्रवाई के अपने गंतव्य को लौट गए हैं। संवाद