जेई और संविदा कर्मचारियों से मारपीट
गढ़मुक्तेश्वर। बिजली चेकिंग और बकाएदारों से वसूली करने पहुंची विद्युत निगम की टीम के साथ दो ग्रामीणों ने मारपीट की घटना को अंजाम दिया। पीड़ित जेई ने थाने पहुंचकर आरोपियों को नामजद कर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की जांच में जुट गई है।
गढ़ विद्युत उपकेंद्र नंबर-1 के जेई संतोष दिवाकर ने बहादुरगढ़ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। बताया कि शनिवार को वह अपनी टीम के संविदा कर्मचारी सुभाष, अमित और मांगे के साथ बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के गांव करीमपुर में राजस्व वसूली और बिजली चोरी रोको अभियान के तहत चेकिंग कर रहे थे। इसी बीच गांव के सिंटू और समरजीत विद्युत टीम के पास पहुंच गए और अभद्र व्यवहार करना शुरु कर दिया। विरोध करने पर दोनों आरोपियों ने जेई समेत तीनों संविदा कर्मचारियों के साथ मारपीट शुरु कर दी और सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए बकाएदारों की सूची भी फाड़ दी। जिसके बाद आरोपी वहां से जान से मारने की धमकी देकर भाग निकले। जिसके बाद पीड़ित विद्युत कर्मचारियों ने थाने पहुंचकर आरोपियों को नामजद करते हुए कार्रवाई की मांग की।
थानाध्यक्ष राजीव कुमार बालियान का कहना है कि तहरीर के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है, मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।