गंगा के जलस्तर में छह सेंटीमीटर की हुई गिरावट
गढ़मुक्तेश्वर। गंगा के जलस्तर में बढ़ोतरी होने के दूसरे दिन जलस्तर घट गया। जिससे किसानों ने राहत की सांस ली है। वहीं दोबारा से जलस्तर बढ़ने की आशंका से ग्रामीणों में दहशत है।
उत्तराखंड में ग्लेशियर फटने के बाद एक सप्ताह तक गढ़-ब्रजघाट में गंगा का जलस्तर सामान्य बना रहा। लेकिन शनिवार को अचानक जलस्तर में बढ़ोतरी का सिलसिला शुरू हुआ, शनिवार की शाम तक करीब 32 सेंटीमीटर की बढ़ोतरी गढ़ क्षेत्र में गंगा के जलस्तर में दर्ज की गई। अचानक बढ़े जलस्तर से कई स्थानों पर गंगा के बीच टापुओं पर उगाई गई पॉलेज की काफी फसल गंगा में बह गई। वहीं ग्रामीणों को लगातार जल स्तर में बढ़ोतरी की आशंका बनी हुई थी। शनिवार को जलस्तर 197 मीटर (समुद्र तल से) पहुंच गया, लेकिन रविवार को एक बार फिर जलस्तर में गिरावट दर्ज की गई। रविवार की शाम तक जलस्तर छह सेंटीमीटर नीचे आया। रविवार की शाम ब्रजघाट में जल स्तर 196.94 मीटर दर्ज किया गया। जलस्तर में गिरावट आने से प्रशासन ने राहत की सांस ली है। लेकिन दोबारा जल छोड़े जाने की आशंका से ग्रामीणों में दहशत है।
केंद्रीय जल आयोग के अनुसार बिजनौर बैराज से छोड़े गए जल के आगे निकल जाने के चलते गिरावट दर्ज की गई है। संवाद