छेड़छाड़ की घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए कोतवाली का घेराव
गढ़मुक्तेश्वर। क्षेत्र में बढ़ रही छेड़छाड़ की घटनाओं को लेकर हिंदू जागरण मंच के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने कोतवाली का घेराव कर मनचलों पर कार्रवाई की मांग उठाई है। पुलिस ने पदाधिकारियों को कार्रवाई का आश्वासन दिया।
क्षेत्र में बढ़ महिलाओं और छात्राओं के साथ बढ़ रही छेड़खानी की घटनाओं को लेकर हिंदू जागरण मंच के जिलाध्यक्ष दीपक शर्मा के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ताओं ने शनिवार को कोतवाली का घेराव किया। जहां सभी कार्यकर्ताओं ने एसएसआई केपी सिंह से वार्ता करते हुए बताया कि नगर में कॉलेज, स्कूल और कंप्यूटर सेंटरों के आसपास मनचलों का जमावड़ा लगा रहता है। पदाधिकारियों ने बताया कि सार्वजनिक स्थलों समेत स्कूल कॉलेजों को जाने वाले रास्तों व चौराहों पर छुट्टी होने के दौरान पुलिसकर्मियों की तैनाती की जानी चाहिए। जिससे बहन-बेटियों को स्कूल और कॉलेज जाने में कोई परेशानी न हो। वहीं छात्राएं अपने को सुरक्षित महसूस कर सके।
हिंदू जागरण मंच के जिलाध्यक्ष ने कहा कि क्षेत्र में पिछले दिनों में लगातार दो दिन जंगलों में गोवंशों के अवशेष पड़े मिले थे। इससे लोगों में रोष है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर कार्रवाई होनी चाहिए, जिससे क्षेत्र में इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लग सके।
इस मौके पर दीपक सारस्वत, जतिन, चेतन चौहान, मनीष शर्मा, गौरव पावटी, हरेंद्र यादव, पुनीत त्यागी, सचिन, नरेंद्र सैनी, अनुज चौधरी, शिवराज त्यागी आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।