ट्रॉमा सेंटर के लिए मंगाई ईंटों का नहीं किया भुगतान
गढ़मुक्तेश्वर। सिंभावली क्षेत्र के गांव सिखैड़ा में बन रहे ट्रॉमा सेंटर के लिए मंगाई गई ईंटों का भुगतान नहीं मिलने से परेशान ईंट व्यापारी ने थाने पर तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जनपद संभल के थाना असमौली क्षेत्र के गांव ओवरी निवासी इसरार ने सोमवार को सिंभावली थाने पर तहरीर दी है। जिसका कहना है कि वह भट्ठों से ईंट खरीदकर मंडी समेत अन्य स्थानों पर सप्लाई करने का काम करता है। पीड़ित ने बताया कि सिंभावली क्षेत्र के गांव सिखैड़ा में बन रहे ट्रॉमा सेंटर पर 31 जनवरी को उसने 17 हजार ईंट बेची थीं। खरीदार ने अपने आप को ट्रॉमा सेंटर निर्माण का ठेकेदार बताते हुए उससे ईंट मंगाई थी। ईंटों की कीमत करीब 76 हजार रुपये है। ईंट उतारने के बाद जब उसने ठेकेदार से पेमेंट मांगा, तो उसने अपने मुंशी को एटीएम से रुपये निकालकर लाने को कहा। जिसके बाद दो व्यक्ति पैसे निकालने का बहाना कर वहां से चले गए। पीड़ित ने बताया कि आरोपियों ने उसे ईंटों का भुगतान नहीं किया है। बार-बार मांगने पर भी पैसे नहीं मिले हैं। पीड़ित ने तीन आरोपियों को नामजद कर कार्रवाई की मांग की है। सिंभावली थानाध्यक्ष राहुल चौधरी का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। संवाद