महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म, चार पर मुकदमा
गढ़मुक्तेश्वर। बहादुरगढ़ क्षेत्र में एक महिला ने पति समेत ससुराल पक्ष के चार लोगों पर दहेज उत्पीड़न और सामूहिक दुष्कर्म समेत जानलेवा हमला करने के मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
बहादुरगढ़ क्षेत्र के एक गांव निवासी पीड़िता ने न्यायालय के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कराई है। जिसमें बताया कि दो वर्ष पूर्व उसकी शादी जनपद अमरोहा के गजरौला क्षेत्र निवासी मकसूद के बेटे फुरकान के साथ हुई थी। पीड़िता ने बताया कि उसे दहेज के लिए ससुराल पक्ष के लोग लगातार प्रताड़ित करते आ रहे है। विरोध करने पर ससुराल में पति समेत अन्य लोग मारपीट कर रहे थे। पीड़िता का आरोप है कि कुछ दिन पूर्व वह ससुराल में काम कर रही थी, तभी पति, देवर समेत चार आरोपियों ने मिलकर सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया और जान से मारने की नीयत से हमला कर घायल कर दिया था। उसने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होने पर न्यायालय में प्रार्थना पत्र दिया। जिसके बाद मंगलवार को रिपोर्ट दर्ज की गई। थानाध्यक्ष राजीव कुमार बालियान ने बताया कि आरोपी फुरकान, फरमान, अफसर और इकरार के खिलाफ न्यायालय के आदेश पर संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है। संवाद