गंगानगरी के विकास की योजनाएं अधर में अटकीं
गढ़मुक्तेश्वर। गंगानगरी ब्रजघाट को पर्यटक स्थल के रूप में विकसित करना केंद्र और प्रदेश सरकार की प्राथमिकता में शामिल है। सुंदरीकरण के लिए करोड़ों रुपये का बजट भी दिया है। लेकिन कई माह पहले चालू होने वाली योजनाएं अभी भी पूरी नहीं हो सकी है। जिससे नगरी के सुंदरीकरण और पर्यटक स्थल के रूप में विकसित करने का सपना भी पिछड़ता जा रहा है।
उत्तराखंड बनने के बाद यूपी की महत्वपूर्ण तीर्थ नगरी हरिद्वार भी उत्तराखंड का हिस्सा बन गया था। जिसके बाद प्रदेश सरकार द्वारा वेस्टर्न यूपी की गंगानगरी गढ़-ब्रजघाट को तीर्थ और पर्यटन नगरी के रूप में विकसित करने की कवायद की जा रही है। जिसे लेकर शासन पूरी तरह गंभीर भी है। गंगा के घाटों के सुंदरीकरण और आकर्षक बनाने के लिए पर्यटन विभाग द्वारा करीब 3 करोड़ 25 लाख रुपये की लागत से लेजर शो और रंगीन फव्वारे के निर्माण का कार्य कराया जा रहा है। जो आने वाले श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र होगा। जल निगम द्वारा निर्माण कार्य का जिम्मा एक निजी कंपनी को सौंपा हुआ है। लेकिन फरवरी 2020 में चालू होने वाला लेजर शो और रंगीन फव्वारा अभी तक भी शुरू नहीं हो सका है। जिससे क्षेत्र के लोगों का सुंदरीकरण का सपना अधूरा पड़ा हुआ है।
----------
मशीनों की उपलब्धता न होने से देरी से शुरू हुआ कार्य
लेजर शो और रंगीन फव्वारे का निर्माण कार्य 25 अगस्त 2019 से आरंभ होना था। लेकिन मशीनों की उपलब्धता न होने के चलते काम की शुरुआत ही 19 जनवरी 2020 से हो सकी। तब भी जल निगम द्वारा कार्य समय से पूर्ण कराने का दावा किया गया था। उसके बाद कोरोना संक्रमण के चलते लॉकडाउन के दौरान काम बंद रहा। लॉकडाउन खुलने के बाद दोबारा काम शुरू हुआ और दो माह पहले ही लेजर शो और रंगीन फव्वारे का निर्माण कार्य पूरा हो सका है। काम पूरा होने के बाद भी अभी तक लेजर शो चालू नहीं हो सका। लेजर शो के माध्यम से गंगा नगरी इतिहास गंगा की लहरों पर दर्शाया जाएगा। जो आने वाले यात्रियों के लिए आकर्षण का ेंद्र बनेगा।
3.30 करोड़ की लागत से बनने वाला पार्क भी अधूरा
गंगानगरी ब्रजघाट में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए पलवाड़ा रोड पर पर्यटन विभाग द्वारा 3 करोड़ 30 लाख रुपये की लागत से एक पार्क का निर्माण कराया जा रहा है। जिसका निर्माण कार्य सितंबर माह में पूरा होना था, लेकिन अभी तक भी काम पूरा नहीं हो सका है। पार्क में श्रद्धालुओं समेत स्थानीय लोगों के लिए बैंच, वाटर कूलर, बच्चों के लिए झूले समेत अन्य सुविधाएं मुहैय्या कराई जाएंगी।
जल निगम के जेई राहुल मौर्य ने बताया कि लेजर शो और रंगीन फव्वारे का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। केवल बिजली कनेक्शन और फिटिंग का काम बाकी है। जनवरी 2021 में लेजर शो और रंगीन फव्वारे को चालू करा दिया जाएगा। संवाद