भारतीय किसान संघ ने गढ़ विधायक का किया घेराव
गढ़मुक्तेश्वर। कृषि कानून के विरोध में भारतीय किसान संगठन ने विधायक का घेराव कर पीएम के नाम एक ज्ञापन सौंपा। वहीं किसानों के आगमन को लेकर पुलिस सतर्क रही। सुबह से ही विधायक के आवास के बाहर पुलिस का पहरा लगा दिया गया था।
भारतीय किसान संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेंद्र यादव के निर्देश पर जिलाध्यक्ष ईश्वर त्यागी समेत अन्य पदाधिकारियों ने केंद्र सरकार और कृषि कानून के खिलाफ नारेबाजी करते हुए महावीर कॉलोनी स्थित विधायक आवास पर पहुंचे। जिन्होंने विधायक का घेराव करते हुए प्रधानमंत्री के नाम एक ज्ञापन भी सौंपा। ज्ञापन सौंपते हुए जिलाध्यक्ष ईश्वर त्यागी ने कहा कि कृषि कानून के खिलाफ किसान आंदोलन पर डटे हुए हैं। जितना जोर सरकार किसानों को रोकने में लगा रही है, उससे कहीं कम प्रयास करने पर इस समस्या का समाधान हो सकता है। जिला उपाध्यक्ष मनोज कश्यप ने कहा कि सरकार अपनी खामियों को छिपाने के लिए कृषि कानून में संसोधन करने के लिए तैयार है, लेकिन भारतीय किसान संगठन इस कानून का पुरजोर विरोध करता है। इस मौके पर जिला उपाध्यक्ष इमरान त्यागी, हरीश रावल, निर्देश यादव, नदीम खं, शोएब चौधरी, मुकेश त्यागी, मंशाराम, धर्मपाल तोमर, वीरू त्यागी, सरताज, अनमोल त्यागी, देव त्यागी,ब्रजपाल ठाकुर, इंदरजीत त्यागी, इरफान, ब्रह्मपाल, मनीष त्यागी, आबिद अली आदि मौजूद रहे।