गढ़ पालिका चेयरमैन के फुफेरे भाई की सड़क हादसे में मौत
गढ़मुक्तेश्वर। क्षेत्र के फुलड़ी मोड के पास कैंटर व बाइक की टक्कर में गढ़ पालिका चेयरमैन के फुफेरे भाई की मौत हो गई। वहीं साथी मामूली रुप से घायल हो गया। परिजनों में कोहराम मचा, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
गढ़ पालिका परिषद के चेयरमैन सोना सिंह की बुआ के बेटे राम किशन (55) मोहल्ला आदर्श नगर के रहने वाले थे। जो शुक्रवार को अपने साथी पूर्व सभासद तिलकराम के साथ बाइक पर सवार होकर गांव सरूरपुर में राज मिस्त्री का काम करने के लिए जा रहे थे, जैसे ही वह गढ़ क्षेत्र के गांव फुलड़ी रोड पर पहुंचे तो पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कैं टर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में राम किशन गंभीर रुप से घायल हो गए, जबकि उनके साथी तिलक राम भी मामूली रुप से घायल हो गए। मौके पर पहुंचे परिजनों और पुलिस ने दोनों को नगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने राम किशन को मृत घोषित कर दिया। मृतक के परिजन ने अज्ञात कैंटर चालक के खिलाफ तहरीर दी है। परिजनों ने बताया कि मृतक के तीन बेटी और तीन बेटे हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
इंस्पेक्टर मुकेश कुमार ने बताया कि मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है, इसके अलावा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। कैंटर चालक की तलाश की जा रही है। संवाद