सिंभावली के गांव सिखैड़ा में अंडरपास की मांग को लेकर धरना देते किसान।
- फोटो : GARH
किसानों ने जल्द काम रोकने की दी चेतावनी
गढ़मुक्तेश्वर। गांव सिखैड़ा में अंडरपास की मांग को लेकर धरनारत किसानों और भाकियू भानू ने मांग पूरी न होने पर काम रोकने की चेतावनी दी है। वहीं अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन की भी घोषणा की है।
सिंभावली क्षेत्र के गांव सिखैड़ा के जंगल से होकर गुजर रहे निर्माणाधीन हाईवे के बाइपास पर गांव के निकट अंडरपास बनाए जाने की मांग को लेकर गांव के किसान और ग्रामीण पिछले 13 दिनों से धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन कोई भी प्रशासनिक अधिकारी उनकी बात सुनने के लिए नहीं पहुंचा है। जिसे लेकर किसानों में आक्रोश बढ़ रहा है। शुक्रवार को धरने में शामिल भाकियू भानू किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष सुवीश त्यागी, ग्राम प्रधान मंसूर, भाकियू भानू जिला संरक्षक अजय त्यागी ने कहा कि शासन और प्रशासन किसानों की जायज मांग को भी अनसुना कर रहा है। जिससे किसानों की परेशानी बढ़ रही है। अपने आप को किसानों की हितैषी कहने वाली भाजपा के शासन में किसानों का उत्पीड़न हो रहा है। उन्होंने कहा कि यदि जल्द उनकी मांग की सुनवाई नहीं हुई, तो भाकियू और किसान हाईवे और बाइपास के काम को पूरी तरह बंद कराकर अनििश्चित कालीन धरना-प्रदर्शन करेगी।
इस मौके पर अफसार, अरविंद त्यागी, इमरान खान, तनवीर, हाजी फारूख, ताहिर, जावेद, सोहनवीर समेत अन्य ग्रामीण और किसान मौजूद रहे।