भाकियू भानु ने डीएम को सीएम के नाम दिया ज्ञापन
गढ़मुक्तेश्वर। गांव सिखैड़ा में निर्माणाधीन बाइपास पर खेतों के निकट अंडरपास बनाए जाने की मांग को लेकर चल रहा किसानों का धरना दसवें दिन भी जारी रहा। इस दौरान भाकियू भानु ने सीएम के नाम डीएम को ज्ञापन सौंप समस्या के समाधान की मांग की है।
सिंभावली क्षेत्र के गांव सिखैड़ा के किसान और ग्रामीणों का धरना-प्रदर्शन हाईवे के बाइपास निर्माण कार्य स्थल पर दसवें दिन भी लगातार जारी रहा। किसानों को विभिन्न संगठनों का समर्थन मिल रहा है। वहीं सोमवार को भाकियू भानु जिलाध्यक्ष पवन हूण के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने हापुड़ पहुंचकर डीएम को सीएम के नाम एक ज्ञापन भी सौंपा। पवन हूण ने कहा कि जायज मांग के लिए भी किसानों को धरना-प्रदर्शन करना पड़ रहा है। दस दिनों से किसान आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन स्थानीय अधिकारी इस तरफ कोई ध्यान नहीं दे रहे। जबकि भाजपा सरकार खुद को किसान और मजदूर हितैषी बता रही है, लेकिन किसानों का शोषण और उत्पीड़न करने वालों पर कार्रवाई नहीं हो रही। गांव सिखैड़ा के पास जंगल में अंडरपास की बहुत आवश्यकता है। यदि अंडरपास नहीं बना तो कुछ मीटर की दूरी के बजाय किसानों को पांच से सात किलोमीटर लंबा चक्कर लगाकर खेतों पर जाना पड़ेगा। वहीं गांव के पूर्व प्रधान मंसूर ने कहा कि किसानों की सुनने वाला कोई नहीं है।
धरना-प्रदर्शन में भाकियू भानु जिला संरक्षक अजय त्यागी, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष सुवीश त्यागी, योगेश त्यागी, शहजाद, योगेंद्र त्यागी, इकबाल त्यागी, ईश्वर, कासिम अली, सचिन, फारूख खां, देवेंद्र त्यागी, तनवीर अली, सोनवीर, इमरान, वाहिद समेत दर्जनों किसान शामिल रहे।