गढ़ तहसील में मेज पर पैर रखकर फरियादी की फरियाद सुनता लेखपाल।
- फोटो : GARH
पीड़ित के सामने मैज पर पैर रखकर बैठा लेखपाल
गढ़मुक्तेश्वर। तहसील में कार्यरत एक लेखपाल का फोटो सोशल मीडिया वायरल हो रहा है। फोटो में लेखपाल पीड़ित के सामने मेज पर पैर रखकर बात करने दिख रहे हैं। इसकी क्षेत्र में लोगों के बीच चर्चा हो रही है। मामले में एसडीएम ने जांच के आदेश दिए हैं।
सोशल मीडिया पर गढ़ तहसील में तैनात लेखपाल ऋषिपाल शर्मा का एक फोटो जमकर वायरल हो रहा है। जिसमें लेखपाल तहसील के आवासीय परिसर में बने अपने कार्यालय में कुर्सी पर बैठे हुए है और उनके सामने बैठा एक व्यक्ति अपनी फरियाद लेकर उनसे वार्ता कर रहा है, लेकिन लेखपाल मर्यादा का उल्लंघन कर मेज पर टांग पर टांग रखकर फरियादी की समस्या सुन रहे हैं। इस मामले में लेखपाल ऋषिपाल शर्मा का कहना है कि वह आवासीय परिसर में बैठे हुए थे। दर्द होने के चलते उन्होंने पैर मेज पर रखे हुए थे। इसी बीच अचानक एक ग्रामीण समस्या लेकर उनके पास पहुंच गया। उनकी ओर से किसी भी व्यक्ति से अभद्रता और अमर्यादित व्यवहार नहीं किया गया है।
तहसीलदार सुरेंद्र सिंह ने बताया कि वायरल फोटो के आधार पर जांच कराई जा रही है, सच्चाई सामने आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।