अंडरपास की मांग पर किसानों का धरना जारी
गढ़मुक्तेश्वर। सिंभावली के गांव सिखैड़ा में निर्माणाधीन हाईवे बाईपास पर अंडरपास बनवाने की मांग को लेकर चल रहा किसानों का धरना चौथे दिन भी जारी रहा। चार दिन बीतने के बाद भी कोई प्रशासनिक अधिकारी किसानों की सुध लेने नहीं पहुंचा है। वहीं भाकियू भानू और राष्ट्रीय सैनिक संस्था ने समर्थन देते हुए समस्या के समाधान की मांग की है।
सिंभावली क्षेत्र के गांव सिखैड़ा के किसान और ग्रामीण निर्माणाधीन हाईवे बाईपास पर गांव के निकट अंडरपास बनवाने की मांग को लेकर पिछले चार दिन से धरनारत हैं, लेकिन कोई अधिकारी इनकी बात तक सुनने नही पहुंचा हैं। ग्राम प्रधान मंसूर का कहना है कि किसानों को अपने खेतों पर आने जाने के लिए अंडरपास की बहुत जरूरत है। यदि अंडरपास नही बनाता है तो किसान अपने खेतों पर किस तरह पहुंचेंगे। मजबूरी में किसानों को तीन से पांच किलोमीटर का चक्कर लगाना पड़ेगा। जिससे काफी परेशानी सामने आएंगी, लेकिन एनएचएआई समेत किसी भी विभाग के अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। चौथे दिन राष्ट्रीय सैनिक संस्था के चौधरी मनवीर सिंह के नेतृत्व पदाधिकारियों ने किसानों का समर्थन किया। वही भाकियू भानू के जिलाध्यक्ष पवन हूण समेत पदाधिकारियों ने भी किसानों की मांग का समर्थन किया। इसके अलावा सपा सरकार में मनोरंजन कर मंत्री रहे मदन चौहान भी सपाइयों के साथ मौके पर पहुंचे। जिन्होंने सरकार पर किसान विरोधी होने का आरोप लगाते हुए सिखैड़ा के ग्रामीणों का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्या का समाधान होना चाहिए।
इस मौके पर अरविंद, नेत्रपाल सिंह, बिट्टू त्यागी, सचिन, अरविंद त्यागी, इकबाल, चांद, बाबू, इमरान, महेश, इसरार, राजवीर त्यागी, अशोक त्यागी, छग्गो देवी, सुनीता, जगवती, इशरत आदि ग्रामीण मौजूद रहे।