सिंभावली में रेलवे ट्रेक पर जांच करती पुलिस।
- फोटो : GARH
स्टेशन पर मालगाड़ी के आगे कूदकर युवती ने दी जान
गढ़मुक्तेश्वर। सिंभावली रेलवे स्टेशन पर एक युवती ने मालगाड़ी के आगे कूदकर जान दे दी। मृतका की शिनाख्त के बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सिंभावली रेलवे स्टेशन पर मंगलवार सुबह एक युवती ने मालगाड़ी के आगे कूदकर जान दे दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवती काफी देर तक रेलवे स्टेशन और आसपास घूमती रही। इसी बीच करीब नौ बजे मुरादाबाद से दिल्ली की तरफ जा रही एक तेज रफ्तार मालगाड़ी जैसे ही स्टेशन के निकट पहुंची, तो युवती ने उसके सामने छलांग लगा दी। ट्रेन की चपेट में आकर युवती की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे जीआरपी इंचार्ज बाबूराम ने शव को कब्जे में ले लिया। शव के पास मिले मोबाइल के आधार पर उसके परिजनों से संपर्क किया गया। जिसके बाद मृतका की मां समेत अन्य परिजन मौके पर पहुंचे। जिन्होंने उसकी शिनाख्त क्षेत्र के गांव नवादा निवासी सिमरन उम्र 19 वर्ष के रूप में की। मृतका की मां ने बताया कि वह मंगलवार सुबह घर से सिंभावली दवाई लेने के लिए कहकर आई थी। जिसने बताया कि वह उनकी अकेली लड़की थी और उसका एक छोटा भाई है। युवती की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया है। जीआरपी गढ़ चौकी इंचार्ज बाबूराम ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।