सड़क हादसों में पांच घायल, एक की हालत गंभीर
गढ़मुक्तेश्वर। नेशनल हाईवे और स्याना रोड पर हुए सड़क हादसों में पांच लोग घायल हो गए। राहगीरों ने घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जिसमें से एक युवक की हालत गंभीर देखते हुए मेरठ के लिए रेफर किया।
जनपद अमरोहा के धनौरा मंडी निवासी रंजीत अपने साथी विनय के साथ बाइक पर सवार होकर अपने घर से रविवार की देर शाम मेरठ के लिए जा रहा था। गढ़ क्षेत्र के गांव नानपुर में पहुंचते ही उनके बाइक के आगे अचानक से पशु आ गया, जिससे बाइक चला रहा विनय नियंत्रण खो बैठा। जिसके चलते दोनों साथी बाइक से सड़क हाईवे किनारे जा गिरे। घायलों को राहगीरों ने निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया। इसके अलावा दूसरी घटना में जनपद बुलंदशहर के औरंगाबाद निवासी मोंटी अपने छोटे भाई रवीश और परमजीत सिंह के साथ कार में सवार होकर मेरठ के लिए जा रहा था। जैसे ही वह गढ़ क्षेत्र में स्याना रोड पर पहुंचा तो पीछे से आ रही प्राइवेट बस ने कार में साइड मार दी, कार चला रहे मोंटी ने सामने से आ रही बाइक को बचाने के चक्कर में कार को खेत में उतार दिया, जिससे तीनों भाई मामूली रुप से घायल हो गए। घायलों को राहगीरों ने निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं नानपुर में हुए हादसे में चिकित्सकों ने विनय की हालत गंभीर देखते हुए उसे मेरठ के लिए रेफर कर दिया। चिकित्सकों ने बताया कि घायलों के परिजनों को सूचना दे देकर मौके पर बुलाया और अन्य घायलों युवकों को उनके साथ भेज दिया गया है।