किसानों के लिए आज से लगेंगी पाठशालाएं
गढ़मुक्तेश्वर। द मिलियन फार्मर स्कूल कार्यक्रम के तहत एक बार फिर गांवों में कृषि विभाग द्वारा किसान पाठशालाओं का आज से आयोजन किया जाएगा। जिसके तहत किसानों को उनकी आय दोगुनी करने समेत आधुनिक खेती के बारे में जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा विभिन्न योजनाओं के बारे में भी विस्तार से बताया जाएगा।
कृषि विभाग के वरिष्ठ प्राविधिक सहायक सतीश चंद शर्मा ने बताया कि किसानों की आय दोगुनी करने और उन्हें शासन की योजनाओं के बारे समेत विभिन्न जानकारियां उपलब्ध कराने के लिए शासन के निर्देश पर कृषि विभाग द्वारा न्याय पंचायत स्तर पर किसान पाठशालाओं का आयोजन किया जाता था। कोरोना संक्रमण के चलते पाठशालाओं का क्रम टूट गया। अब एक बार फिर विभाग द्वारा किसान पाठशालाओं का आयोजन होगा। जिसमें किसानों को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण खेती करने के टिप्स देने के साथ ही विशेषज्ञों द्वारा कृषि उपकरणों और विभिन्न विषयों पर जानकारी दी जाएगी। पाठशालाएं दोपहर 2 बजकर 30 मिनट से 5 बजकर 30 मिनट तक गांवों के प्राइमरी और उच्च प्राथमिक स्कूलों में लगेंगी। पाठशालाओं का प्रथम चरण 19 और 20 अगस्त, दूसरा चरण 24 व 25 अगस्त, तीसरा चरण 27 व 28 अगस्त और चौथा चरण 31 अगस्त व एक सितंबर को होगा। पाठशालाओं में गन्ना, पशुपालन, उद्यान, कृषि रक्षा, कृषि, मृदा संरक्षण समेत अन्य विभागों के अधिकारी किसानों को प्रशिक्षण देंगे।