पानी में डूबकर आठ साल की बच्ची की मौत
गढ़मुक्तेश्वर। गंगा खादर क्षेत्र के एक गांव में बच्चों के साथ नहाने गई आठ साल की बच्ची की बाढ़ के पानी में डूबकर मौत हो गई। बच्ची की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। बच्ची का गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया।
गंगा के जलस्तर में बढ़ोतरी के चलते खादर क्षेत्र के एक दर्जन गांवों की आबादी के पास निचले स्थानों पर गंगा का पानी भरा हुआ है। क्षेत्र के गांव लठीरा निवासी विपिन की आठ साल की बेटी झिल्लो सोमवार को आस पड़ोस में रहने वाले बच्चों के साथ घर के पास ही भरे पानी में नहाने चली गई। बच्चों के साथ नहाने के दौरान अचानक पैर फिसलने से झिल्लो गहरे गड्ढे में गिर गई, जो काफी देर तक भी बाहर नहीं निकली। बच्चे शोर मचाते हुए गांव की तरफ भाग निकले। गांव में पहुंचकर बच्चों ने घटना की जानकारी बच्ची के परिजनों और ग्रामीणों को दी। सूचना मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों के होश उड़ गए। जो आनन-फानन में मौके पर पहुंच गए। युवकों ने पानी में छलांग लगाकर बच्ची की तलाश शुरू कर दी। कड़ी मशक्कत कर करीब आधे घंटे बाद बच्ची को बेहोशी की हालत में बाहर निकाला जा सका। जिसके बाद परिजन और ग्रामीण उसे लेकर अस्पताल में पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया। बच्ची की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हैै। देर शाम बच्ची का गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया गया है।