खेतों में भरा गंदा पानी, ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
गढ़मुक्तेश्वर। नगर पालिका क्षेत्र में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट के पास सीवर लाइन ओवरफ्लो होने से आसपास के खेतों में पानी भर गया। इससे भड़के ग्रामीणों ने जल निगम के खिलाफ प्रदर्शन कर कार्रवाई की मांग की। वहीं परेशानी से निजात न मिलने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
गढ़ नगर पालिका क्षेत्र के गांव नयाबांस में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट बना हुआ है। शुक्रवार को ग्रामीण गेंदा सिंह, रामवीर, राजपाल, मुकेश, राहुल, निशांत, निक्की, सुधीर ने जल निगम के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए बताया कि जल निगम द्वारा बिछाई गई लाइन पूरी तरह से बदहाल स्थिति में है, जिसके चलते आए दिन मैनहोल ओवरफ्लो हो जाते हैं, तो कभी लाइन लीकेज का मामला सामने आता रहता है। जिसके चलते किसानों के खेतों में दूषित पानी भर जाता है और फसलें पूरी तरह से जलमग्न हो जाती हैं। जिससे फसलों में भारी नुकसान हो रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि इससे पहले सीवर मैनहोल धंसने के कारण गांव का मुख्य रास्ता भी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया था, जो आज तक भी इसी हालत में है। निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों को इस बारे में कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन ग्रामीणों की समस्या की समाधान कराने की बजाए अनसुनी कर देते है। जिसके विरोध में ग्रामीणों में जल निगम के खिलाफ प्रदर्शन कर जल्द ही समस्या के समाधान की मांग उठाई है। वहीं जल्द समाधान न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी भी दी है।
कोट
एसडीएम विजयवर्धन तोमर ने बताया कि शिकायत के आधार पर जांच कराते हुए जल्द ही ग्रामीणों की समस्या का समाधान करा दिया जाएगा।