हरोडा मोड़ पर जलभराव और अतिक्रमण से लोग परेशान
गढ़मुक्तेश्वर। सिंभावली क्षेत्र के हरोडा मोड़ मार्ग पर अतिक्रमण, जलभराव और गंदगी की समस्या को हल कराने की मांग को लेकर सामाजिक लोगों और ग्रामीणों ने एसडीएम को शिकायती पत्र भेजा है।
सिंभावली क्षेत्र के हरोडा मोड़ निवासी समाजसेवी सरदार राजेंद्र सिंह औलख के नेतृत्व में शुक्रवार को ग्रामीणों ने एसडीएम विजयवर्धन तोमर को शिकायती पत्र भेजा है। जिनका कहना है कि हरोडा रोड और मोड़ पर दुकानदारों समेत ठेली पटरी वालों ने अतिक्रमण किया हुआ है। वहीं सफाई व्यवस्था दुरुस्त न होने के चलते कई स्थानों पर जल भराव और गंदगी का आलम है। इस रास्ते से प्रतिदिन दर्जनों गांवों के हजारों लोगों का आना-जाना रहता है। अतिक्रमण, जलभराव और गंदगी के चलते राहगीरों और ग्रामीणों को आवामगन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। वहीं गंदगी और पानी भरने से उठने वाली बदबू के कारण आसपास रहने वाले लोगों का रहना दूभर हो रहा है। संक्रामक बीमारियों के फैलने की संभावना भी बढ़ रही है। ग्रामीणों ने एसडीएम को भेजे गए पत्र में दोनों तरफ नाले के ऊपर किए गए अतिक्रमण को हटवाने, ठेली-पटरी वालों को पीछे हटवाने और सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है। पत्र भेजने वालों में यूसुफ, गफ्फार, शेर अली, अनमोल, शाहिद, सुभाष सहानी, समय सिंह, दानिश, मेहराज, कुंवरपाल, राजू, विपिन आदि शामिल रहे।