साइबर ठगों ने खाते से निकाले सात हजार रुपये
गढ़मुक्तेश्वर। साइबर ठगों ने एक युवक के बैंक खाते से एटीएम के जरिये सात हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित ने बैंक शाखा प्रबंधक से शिकायत कर जांच की मांग की है। वहीं थाने में भी तहरीर दी है।
सिंभावली थाना क्षेत्र के गांव सैना निवासी अरुण सिरोही ने मंगलवार को क्षेत्र में स्थित आईडीबीआई बैंक शाखा के प्रबंधक को शिकायती पत्र दिया है। इसके साथ ही सिंभावली थाने में भी तहरीर दी है। जिसका कहना है कि उसका खाता उक्त बैंक शाखा में है। जिस पर उसने एटीएम कार्ड लिया हुआ है। पीड़ित का कहना है कि वह एक अन्य बैंक शाखा के एटीएम से सात हजार रुपये की नकदी निकालने के लिए गया था। लेकिन कई बार कोशिश के बाद भी एटीएम से नकदी नहीं निकली। जिसके बाद वह वापस लौट गया। पीड़ित ने बताया कि कुछ देर बाद ही उसके मोबाइल पर गाजियाबाद के किसी एटीएम से सात हजार रुपये निकाले जाने का मैसेज आया। मैसेज मिलते ही उसके होश उड़ गए। पीड़ित ने बैंक शाखा प्रबंधक और एसओ से मामले की जांच कर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
एसओ महेंद्र त्रिपाठी का कहना है कि मामला साइबर क्राइम से जुड़ा हुआ है। तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।