प्रेमिका का रिश्ता तय होने पर युवक ने गोली मारकर की आत्महत्या
गढ़मुक्तेश्वर। गांव भगवानपुर में एक युवक ने प्रेमिका की शादी दूसरे युवक से तय होने पर मानसिक अवसाद के चलते खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस घटना को संदिग्ध मानकर जांच कर रही है।
थाना सिंभावली क्षेत्र के गांव भगवानपुर निवासी 24 वर्षीय युवक अमरदीप ने रविवार रात अपने घर के पास स्थित खाली पड़े एक मकान की छत पर जाकर तमंचे से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। गोली की आवाज सुनकर ग्राम प्रधान, मृतक के परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही सिंभावली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने शव के पास से आत्महत्या में प्रयुक्त तमंचा व कारतूस बरामद किए है।
इस संबंध में सिंभावली थानाध्यक्ष महेंद्र त्रिपाठी का कहना है कि परिजनों की तहरीर व मृतक युवक की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
--------------------
प्रेमिका की शादी तय होने से परेशान था मृतक
अमरदीप के परिजनों और ग्रामीणों का कहना है कि उसका गांव की एक युवती से प्रेम प्रसंग था। युवती का चयन यूपी पुलिस में कांस्टेबल के पद पर हो गया था, जो वर्तमान में जनपद मथुरा में तैनात है। इसके बाद भी दोनों का मिलना-जुलना जारी रहा। दोनों एक दूसरे से विवाह करना चाहते थे लेकिन महिला कांस्टेबल के परिजनों ने लॉकडाउन से कुछ समय पहले ही उसका रिश्ता जनपद बुलंदशहर के थाना बीबीनगर क्षेत्र में एक युवक से तय कर दिया था, वह भी पुलिस में कांस्टेबल के पद पर है। प्रेमिका की शादी तय होने के बाद युवक ने कई बार उससे मिलने की कोशिश की, लेकिन प्रेमिका के इनकार के कारण वह अवसाद की स्थिति में पहुंच गया, जिसके चलते रविवार की रात अमरदीप ने गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
-------------------------------
12 साल की मोहब्बत 12 मिनट में मौत में तब्दील
युवक अमरदीप और उसके साथ पढ़ने वाली युवती का किशोर अवस्था से ही प्रेम प्रसंग शुरू हो गया था। पांच साल पहले युवती उत्तर प्रदेश पुलिस में भर्ती हो गई, लेकिन युवक को कोई नौकरी नही मिली, तो उसने गांव में ही बिजली फिटिंग और मोबाइल की दुकान खोल ली। लेकिन इस दौरान भी दोनों का प्रेम प्रसंग जारी रहा। लेकिन पुलिस में भर्ती होने के बाद युवती परिजनों की मर्जी से दूसरे युवक से शादी करने के लिए मान गई। जो युवक अमरदीप को सहन नहीं हुआ और उसने अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। अपनी मौत से से पूर्व अमरदीप ने अपनी महिला मित्र से मोबाइल पर क्या बातें हुई, यह भी गांव में चर्चा का विषय बना हुआ है।