ट्रेन के आगे कूदकर युवक ने की आत्महत्या
गढ़मुक्तेश्वर। बदरखा रेलवे फ्लाईओवर के पास रविवार की शाम ट्रेन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस मृतक की शिनाख्त के प्रयास में जुट गई है। लोको पायलट के मुताबिक, ट्रेन के सामने अचानक एक व्यक्ति कूद गया, जिससे वह ट्रेन की चपेट में आ गया।
गढ़ क्षेत्र में पुरानी दिल्ली रोड पर स्थित बदरखा फ्लाईओवर के नीचे दिल्ली से मुरादाबाद की तरफ जा रही आला हजरत एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आकर एक व्यक्ति की मौत हो गई। लोको पायलट ने स्टेशन अधीक्षक को सूचना दी। सूचना के बाद जीआरपी और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त का प्रयास किया, लेकिन शिनाख्त नहीं हो सकी। जिसके बाद शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। स्टेशन अधीक्षक शिवमूर्ति सिंह ने बताया कि लोको पायलट द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार व्यक्ति ने ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या की है। वहीं ट्रैक पर शव पड़ा होने के चलते संपर्क क्रांति एक्सप्रेस को भी गढ़ स्टेशन से सात मिनट लेट रवाना किया गया।
इंस्पेक्टर राजपाल सिंह तोमर ने बताया कि शव को कब्जे में ले लिया गया है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक की शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है।