गढ़ के शराब ठेकों पर नकली व ओवररेट शराब बेचने का आरोप
गढ़मुक्तेश्वर। नकली शराब की बिक्री और ओवररेट को लेकर अधिवक्ताओं ने एडीएम से शिकायत की। जिन्होंने सख्त कार्रवाई की मांग की है। एडीएम ने आबकारी विभाग को सख्त कार्रवाई का आदेश दिया है।
गढ़ बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह नागर के नेतृत्व में अधिवक्ताओं के प्रतिनिधि मंडल ने मंगलवार को एडीएम जयनाथ यादव को शिकायती पत्र दिया। जिनका कहना है कि कि गढ़, ब्रजघाट और सिंभावली क्षेत्र में समय से पूर्व ही शराब की दुकानें खोल दी जाती है। वहीं कई स्थानों पर हरियाणा समेत विभिन्न प्रदेशों से लाकर अवैध रूप से शराब की बिक्री की जा रही है। इतना ही नहीं नकली शराब भी दुकानों पर बेची जा रही है। नकली और घटिया शराब की वजह से सेवन करने वाले लोगों की हालत बिगड़ जाती है। शराब की दुकानों के संचालक और सेल्समैन अपनी हठधर्मी के कारण शराब पर अधिक रेट वसूल रहे हैं। जिसका विरोध करने पर उपभोक्ताओं से अभद्रता और हाथापाई तक की जाती है। अधिवक्ता जितेंद्र यादव, बब्लू भाटी का आरोप है कि अधिक कमाई के चक्कर में ठेकेदार बाहर से अंग्रेजी शराब मंगा रहे है। लेकिन आबकारी विभाग दुकानों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है। अगर जल्द सख्त र्कावाई नहीं की गई, तो अधिवक्ता उग्र आंदोलन करने के लिए मजबूर हो जाएंगे।
एडीएम जयनाथ यादव का कहना है कि आबकारी विभाग को इस संबंध में कड़ा निर्देश दे दिया गया है, जल्द दुकानों की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।