मामूली बात पर दो पक्षों में पथराव, मारपीट
हापुड़। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला मजीदपुरा में महिलाओं के बीच हुई मामूली कहासुनी बड़े विवाद का कारण बन गयी। मंगलवार दोपहर दोनों पक्षों के लोग आमने सामने आ गए। जिसके बाद मारपीट व जमकर पथराव हुआ। गनीमत रही कि किसी को गंभीर चोटें नहीं आई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एक आरोपी को दबोच लिया।
सोमवार रात मोहल्ला मजीदपुरा निवासी सादाब व तालिब पक्ष की महिलाओं के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गयी थी। जिसके बाद दोनों पक्ष भिड़ गए, लेकिन कुछ लोगों ने बीच-बचाव करा दिया। मंगलवार दोपहर को दोबारा दोनों पक्षों के लोग आमने सामने आ गए। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच लात घूसों से जमकर मारपीट हुई। इसके कुछ देर बाद ही दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर पथराव कर दिया। लोगों ने छतों से एक दूसरे पर पथराव किया। जिससे मोहल्ले के लोगों में अफरातफरी मच गई।
लोगों ने फोन कर मामले की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने तालिब को हिरासत में ले लिया और मामले को शांत कराया। पुलिस को देखकर आरोपी फरार हो गए। बाद में दोनों पक्षों के लोग कोतवाली पहुंचे और एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लगाते हुए तहरीर दी। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अविनाश गौतम ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।