मानदेय न मिलने पर संविदा कर्मियों ने एक्सईएन का किया घेराव
गढ़मुक्तेश्वर। दो माह से मानदेय न मिलने पर बिजली निगम के संविदाकर्मियों ने एक्सईएन का घेराव किया। अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए जल्द मानदेय न मिलने पर कामकाज बंद कर हड़ताल की चेतावनी भी दी।
संविदा कर्मियों का कहना है कि उन्हें दो माह से मानदेय नही मिला पाया है, जिसके चलते घर के खर्चे समेत बच्चों की फीस देने और अन्य जरूरतों की पूर्ति के लिए उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रह है। घेराव करने वालों का कहना है कि घरेलू जरूरतों के लिए भी उन्हें साहूकारों समेत अन्य लोगों से ब्याज पर कर्ज लेना पड़ रहा है। संविदा कर्मियों का कहना है कि इस बारे में ठेकेदार से वार्ता की गई, तो उन्होंने बताया कि टेंडर समाप्त होने के चलते वह किसी भी संविदाकर्मी को मानदेय देने में असमर्थ है। जिसके चलते संविदा कर्मियों में रोष व्याप्त हो गया। एक्सईएन का घेराव करते हुए संविदाकर्मियों ने जल्द से जल्द मानेदय दिलाने की मांग की है। मानदेय जल्द न मिलने की दशा में उन्होंने कामकाज बंद कर हड़ताल की घोषणा कर दी है। घेराव करने वालों में नरेंद्र त्यागी, राजकुमार, धर्मेंद्र भाटी, शिवकुमार समेत दर्जनों कर्मचारी शामिल रहे।
एक्सईएन केपी पुरी का कहना है कि उच्चाधिकारियों से वार्ता कर संविदा कर्मियों को जल्द ही मानदेय दिलाया जाएगा।