खाद्य सुरक्षा विभाग ने चलाया अभियान, मचा हड़कंप
गढ़मुक्तेश्वर। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने आगामी त्योहारों के मद्देनजर बहादुरगढ़ क्षेत्र में मिठाई की दुकानों पर छापामार कार्रवाई की। जिससे दुकानदारों में हड़कंप की स्थिति बनी रही।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने डीओ पवन कुमार के नेतृत्व में शनिवार को गढ़ तहसील क्षेत्र के गांव बहादुरगढ़ में छापामार अभियान चलाया। जिसके तहत गांव में मिठाई की दुकानों पर कार्रवाई की गई। डीओ पवन कुमार ने बताया कि इस दौरान दो दुकानों से बूंदी के लड्डू और मावे के सैंपल लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि आगामी त्योहरों समेत कार्तिक पूर्णिमा मेले के मद्देनजर क्षेत्र में मिलावटी और घटिया मिठाई समेत सिंथेटिक मावा बनाने वाले लोगों की सक्रियता बढ़ जाती है, मिलावटी और सिंथेटिक मावे और सिंथेटिक रंगो से तैयार होने वाली मिठाईयां लोगों के लिए घातक सिद्ध होती हैं। जिनके सेवन से फूड पॉइजनिंग समेत तमाम तरह की बीमारियों के होने की संभावना बढ़ जाती है। दुकानों से लिए गए सैंपलों को प्रयोगशाला में जांच के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि आगे भी दुकानों पर छापामार कार्रवाई की जाएगी।