पेट्रोल पंप पर छापेमारी से हड़कंप मचा
गढ़मुक्तेश्वर। घटतौली और मिलावटीखोरी की शिकायत पर जिला पूर्ति अधिकारी, मापतौल विभाग और सप्लाई इंस्पेक्टर ने जनपद के चार पेट्रोल पंपों पर छापामार कार्रवाई की। जिससे पेट्रोल पंप संचालकों में हड़कंप मच गया।
जनपद हापुड़ में डीएम अदिति सिंह के आदेश पर शुक्रवार को जिला पूर्ति अधिकारी राजेश कुमार, मौपतौल विभाग के वरिष्ठ निरीक्षक ज्ञानप्रकाश द्विवेदी समेत आपूर्ति निरीक्षक गढ़ कुंवर सिंह ने एस्सार के पंपों की जांच की। टीम ने जनपद में महालक्ष्मी फिलिंग स्टेशन, सरूरपुर फिलिंग स्टेशन, ध्रुव फिलिंग स्टेशन और अभय फिलिंग स्टेशन पर छापामार कार्रवाई की। इस दौरान टीम ने पंप की मशीनों के पल्सर, रिडिंग, मीटर की जांच की। इसके अलावा डेन्सिटी, और स्टॉक की भी जांच की गई। जांच टीम ने पंपों के शौचालयों की स्वच्छता, हवा, पानी की व्यवस्था भी दुरूस्त करने का निर्देश दिया। छापामार कार्रवाई से क्षेत्र के पेट्रोल पंप संचालकों में हड़कंप की स्थिति बनी रही। जिला पूर्ति अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि पेट्रोल पंपों पर बिना हेलमेट पेट्रोल लेने पहुंचे ग्राहकों को तेल नहीं लेने दिया गया। उन्होंने कहा कि शासन के निर्देशों का उल्लंघन करने वाले पंप संचालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।