डग्गामार वाहनों पर चला प्रशासन का डंडा
गढ़मुक्तेश्वर। शासन के निर्देश पर प्रशासन ने डग्गामार वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की। इस दौरान दो वाहनों को सीज करते हुए पांच के चालान भी काटे गए। कार्रवाई से डग्गामार वाहन संचालकों में हड़कंप मचा रहा।
गढ़ क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर टोल प्लाजा के पास सोमवार को एआरटीओ प्रवर्तन महेशचंद शर्मा और एसडीएम विजयवर्धन तोमर ने एआरएम गढ़ संदीप अग्रवाल के साथ संयुक्त रूप से डग्गामार वाहनों के खिलाफ चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पकड़े गए दो डग्गामार वाहनों के चालकों द्वारा दस्तावेज न दिखाने पर वाहनों को सीज कर दिया गया। इसके अलावा पांच वाहनों के चालान भी काटे गए। एसडीएम ने बताया कि डग्गामार वाहन संचालक यातायात नियमों को ताक पर रखकर वाहनों में क्षमता से अधिक सवारियों को बैठाते हैं, वहीं सवारियों से मनमाना किराया वसूलने और अभद्रता की शिकायतें भी लगातार मिल रही हैं। जिसके चलते चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा। प्रशासन द्वारा की गई कार्रवाई से डग्गामार वाहन चालकों में हड़कंप की स्थिति बनी रही। एआरटीओ का कहना है कि डग्गामार वाहनों का संचालन किसी भी सूरत में नहीं होने दिया जाएगा।