कोचिंग से लौट रही छात्रा से युवक ने छेड़छाड़ की
गढ़मुक्तेश्वर। कोचिंग से घर लौट रही छात्रा को रास्ते में रोककर युवक ने छेड़छाड़ की। विरोध करने पर आरोपी ने मारपीट करते हुए परिजनों को जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़िता ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
सिंभावली क्षेत्र के एक मोहल्ले में रहने वाली छात्रा ने शनिवार देर शाम थाने में तहरीर दी है। छात्रा का कहना है कि शनिवार की शाम वह कोचिंग सेंटर से वापस घर लौट रही थी। इसी दौरान एक युवक ने अकेला देखकर उस पर अश्लील फब्तियां कसनी शुरू कर दी। इतना ही नहीं आरोपी ने उसे रोक लिया और छेड़छाड़ करने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने मारपीट की और शिकायत करने पर उसे और उसके परिजनों को जान से मारने की धमकी दी। हंगामा होने पर राहगीरों को आता देखकर आरोपी मौके से भाग गया। जिसके बाद उसने घर पहुंचकर परिजनों को आपबीती बताई। परिजनों के साथ थाने पहुंची छात्रा ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई है। इंस्पेक्टर राजेंद्र कुमार ओजस्वी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच करते हुए आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है।