जंगल में बच्चा चोर गिरोह की सूचना से हड़कंप
गढ़मुक्तेश्वर। गांव खुडलिया के जंगल में बच्चा चोर गिरोह की सूचना से पुलिस में हड़कंप मच गया। पुलिस न ग्रामीणों के सहयोग से कई घंटे जंगल में कांबिंग की, लेकिन कुछ भी हाथ नहीं लगा। इंस्पेक्टर ने अफवाहों पर ध्यान न देने और अफवाहें फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है।
सिंभावली क्षेत्र के गांव खुडलिया के जंगल में घास काट रही महिलाओं ने बृहस्पतिवार की सुबह ग्रामीणों को तीन बुर्काधारी युवकों के साथ एक बच्चे के होने की सूचना दी। गांव के जंगल में बच्चा चोर गिरोह के होने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। जिन्होंने आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी और हाथों में लाठी-डंडे लेकर जंगल की तरफ चल दिए। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर राजेंद्र कुमार ओजस्वी टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस टीम ने ग्रामीणों की मदद से करीब दो घंटे तक जंगल समेत नहर पटरी पर कांबिंग की, लेकिन दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद भी पुलिस को कोई सुराग हाथ नहीं लग सका। जिसके बाद पुलिस टीम ने राहत की सांस ली। इंस्पेक्टर राजेंद्र कुमार ओजस्वी ने बताया कि महिलाओं के बताए गए स्थान समेत जंगल और नहर पटश्री पर बच्चा चोर गिरोह की तलाश की गई, लेकिन वहां कुछ नहीं मिला। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं मात्र अफवाह हैं। उन्होंने ग्रामीणों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की। वहीं उन्होंने अफवाहें फैलाकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है।