सड़क हादसे में घायल छात्र की मौत, परिजनों में कोहराम
गढ़मुक्तेश्वर। तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आकर घायल हुए छात्र की मेरठ के अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। छात्र की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया है।
बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव कनौर निवासी सतवीर का बेटा शिवम (उम्र करीब 13 वर्ष) गांव सालारपुर में स्थित इंटर कॉलेज में कक्षा नौ का छात्र था। जो मंगलवार को छुट्टी होने के बाद साइकिल पर कॉलेज से घर लौट रहा था। डहरा कुटी के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने शिवम को टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल छात्र को स्थानीय नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया, जहां से चिकित्सकों ने उसे मेरठ के लिए रेफर कर दिया था। मेरठ के अस्पताल में उपचार के दौरान बुधवार को शिवम की मौत हो गई। छात्र की मौत की सूचना मिलते ही उसके परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक के पिता सतवीर ने अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ थाने में तहरीर दी है।
कोट
एसओ रवि रतन ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। बाइक चालक की सुरागरसी कराई जा रही है।