ईद उल जुहा : नमाज होने तक तहसील रोड पर नहीं चलेंगे वाहन
गढ़मुक्तेश्वर। ईद उल जुहा सोमवार को मनाई जाएगी। नमाज की समय सारणी तय होते ही पुलिस और प्रशासन समेत पालिका प्रबंधन अपनी तैयारी को पूरा करने में जुट गए हैं। वहीं बकरीद की नमाज होने तक तहसील रोड पर वाहन नहीं चलेंगे। साफ सफाई और पेयजल की व्यवस्था भी पूरी तरह से चाक चौबंद रहेगी।
सुन्नी सेंट्रल वक्फ बोर्ड की गढ़ शाखा के सचिव डॉ. अरकान चौधरी, शहर काजी हाजी सैयद कसीमुद्दीन, मौलाना इकबाल और मुफ्ती मोहम्मद अनस ने बताया ईद उल जुहा सोमवार को मनाई जाएगी। इसके मद्देनजर आयोजित हुई कमेटी की बैठक में ईद उल जुहा से संबंधित दुकानें की नमाज का शेड्यूल तय कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि ठंडी सड़क किनारे बड़े कब्रिस्तान में सुबह सात, तहसील रोड पर बड़ी ईदगाह में सुबह साढ़े सात बजे और और गढ़ की प्राचीन दरगाह शरीफ में आठ बजे ईद उल जुहा की विशेष नमाज अता होगी। वहीं बक्सर जामा मस्जिद के इमाम मुफ्ती साकिब ने बताया कि सिंभावली क्षेत्र में बकरीद की नमाज सुबह सवा आठ बजे अता होगी।
नमाज होने तक रुट रहेगा डायवर्ट
- एसडीएम राममूर्ति त्रिपाठी, सीओ अशोक शुक्ल और इंस्पेक्टर राजपाल सिंह तोमर ने बताया कि ईद उल जुहा के मद्देनजर पुलिस स्तर से जुड़ीं सभी तैयारी पूरी की हुई हैं। नमाजियों की सुरक्षा के मद्देनजर नमाज संपन्न होने तक गढ़ चौपला मार्ग पर सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन पूरी तरह बंद रहेगा। वहीं शांति व्यवस्था के तहत किसी भी खुले स्थान पशुओं की कुर्बानी नहीं होने दी जाएगी।
कोट
चेयरमैन सोना सिंह ने बताया कि ईद उल जुहा के मद्देनजर पालिका स्तर से सफाई और पेयजल सप्लाई पूरी तरह चाक चौबंद रहेगी, जिसको लेकर ईदगाह से जुड़े रास्तों पर अतिरिक्त सफाई कर्मियों की तैनाती भी की गई है।