हरियाली तीज के मेलों का आयोजन आज, तैयारियां पूरी
गढ़मुक्तेश्वर। हरियाली तीज पर्व के उपलक्ष्य में गढ़ और ब्रजघाट में शनिवार को (आज)मेलों का आयोजन होगा, जिनमें केवल महिला और बच्चों को ही प्रवेश मिल पाएगा। मेले को लेकर सभी तैयारियां पूरी हो गई हैं।
सावन मास के हरियाली तीज उत्सव को लेकर गढ़ और ब्रजघाट समेत क्षेत्र के ग्रामीण अंचल में चौतरफा तैयारी चल रही हैं, जिसके तहत शनिवार को गढ़ के बारादरी मैदान और ब्रजघाट में राजा जी की बगिया में हरियाली तीज मेलों का आयोजन होगा। मेला स्थलों पर महिला और बच्चों के झूलने को विभिन्न प्रकार के झूलों के साथ ही नाच गाने के लिए तेज आवाज वाले डीजे और चाट पकौड़ियों की खास व्यवस्था रहेगी। हरियाली तीज मेला समिति अध्यक्ष महेश सक्सेना और संरक्षक अनुपम अग्रवाल ने बताया कि हरियाली तीज मेलों में केवल महिला और बच्चों को ही एंट्री मिल पाएगी। ब्रजघाट समिति में पालिका सभासद निशा यादव और मीनाक्षी बंसल ने बताया कि तीज मेले को लेकर सभी तैयारी पूरी कर ली गई हैं। सीओ अशोक शुक्ल, इंस्पेक्टर राजपाल सिंह तोमर और ब्रजघाट चौकी इंचार्ज मनीष चौहान का कहना है कि हरियाली तीज मेला स्थल के आसपास महिला और बच्चों के किसी को भी नहीं पहुंचने दिया जाएगा, जबकि रास्तों पर आने जाने के दौरान भी महिलाओं की सुरक्षा और छेडख़ानी करने वाले मनचलों की धरपकड़ के लिए सादी वर्दी में पुलिस की तैनाती रहेगी।
कच्चे नीम की निमोली सावन जल्दी आइयो रे .....
गढ़मुक्तेश्वर। झमाझम बारिश के बीच शुक्रवार को महिलाओं ने झूलों पर पींग बढ़ाकर सावन के गीत गुनगुनाए।
इस दौरान बहादुरगढ़, नानई, आलमनगर, चांदनेर, बक्सर, सिंभावली, हरोड़ा समेत विभिन्न गांवों में महिलाओं ने अपने घरों समेत पेड़ों की डाल पर झूल डालकर उन पर पींग बढ़ाईं। डीजे पर बज रहे लोकगीत और फिल्मों गीतों पर महिलाओं ने जमकर डांस भी किया। कच्चे नीम की निमोली सावन जल्दी अइयो रे, झूले तो पड़ गए हैं अमुवा की डार पे, ए जी अबके सावन में झूलेंगे झूला साथ में, तेरी दो टकियां दी नौकरी मेरा लाखों का सावन जाए जैसे गीत गाते हुए महिलाओं ने झूलों पर पींग बढ़ाकर सावन की मस्ती का जमकर लुत्फ लिया।