नशेड़ी पति से तंग महिला ने किया आत्महत्या का प्रयास
गढ़मुक्तेश्वर। नशेड़ी पति से तंग एक महिला ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। लेकिन एन वक्त पर पुलिस ने महिला को रोक लिया। वहीं कार्रवाई का आश्वासन देकर महिला को समझाकर घर वापस भेजा।
शराब का बढ़ता प्रचलन गरीब मजदूर समेत सीमित आय वर्ग वाले परिवारों के लिए मुसीबत साबित हो रहा है। दिन भर मेहनत करने के बाद जो भी कमाई होती है वह परिवार पर खर्च न करके शराब पर खर्च की जा रही है। वहीं यह नशा परिवार के लिए मुसीबत बन जाता है। ऐसे ही एक मामले से जुड़े घटनाक्रम में पुलिस की तत्परता के चलते बड़ी घटना टल गई। नशेड़ी पति की ज्यादती से तंग गढ़ के एक मोहल्ला निवासी महिला बुधवार की रात अपने पांच बच्चों को लेकर ट्रेन के आगे कूदकर खुदकुशी करने जा रही थी। पुलिस को जैसे ही इसकी भनक लगी। मौके पर पहुंचकर महिला को बच्चों समेत कोतवाली ले आई। पूछताछ के दौरान महिला ने बताया कि उसका पति नशेड़ी है, जो मजदूरी में मिले रुपयों को शराब पर बर्बाद कर देता है, जिससे बच्चों की पढ़ाई लिखाई तो दूर बल्कि उनके खाने के लिए घर में हर समय रोटी के भी लाले पड़े रहते हैं। महिला ने बताया कि बुजुर्ग सास और ससुर द्वारा नेक नसीहत देने पर पति उनके साथ भी गाली गलौज और मारपीट तक करता रहता है। इंस्पेक्टर राजपाल सिंह तोमर ने आपबीती सुनने के बाद दिलासा देते हुए महिला को भविष्य में इस तरह का कोई कदम न उठाने की नसीहत दी और पुलिसकर्मियों को साथ भेजकर उसके घर छुड़वा दिया। इसके कुछ ही देर बाद इंस्पेक्टर स्वयं महिला के घर पहुंचे, जहां नशे में धुत मिले उसके पति को जमकर फटकार लगाई और कड़ी कार्रवाई करने की धमकी दी। वहीं महिला के पति ने भविष्य में पत्नी और बच्चों समेत अपने बुजुर्ग माता पिता के साथ किसी भी तरह की अभद्रता न करने की कसम खाई। इंस्पेक्टर ने बताया कि अगर भविष्य में बच्चों अथवा महिला द्वारा अपने उत्पीड़न की कोई भी शिकायत की गई तो महिला के पति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।