सावन के दूसरे सोमवार को जलाभिषेक करेंगे कांवड़िये
गढ़मुक्तेश्वर। शिवरात्रि के साथ ही सावन के दूसरे सोमवार को जलाभिषेक करने वाले शिवभक्तों का हुजूम उड़ने से ब्रजघाट गंगानगरी शिवमयी नजर आ रही है।
अमरोहा, मुरादाबाद, बिजनौर, रामपुर, बरेली, संभल, पीलीभीत जनपद में सावन मास के प्रत्येक सोमवार को भगवान आशुतोष का जलाभिषेक करने की विशेष धार्मिक मान्यता प्रचलित है, जिसके मद्देनजर उक्त जनपदों के शिवभक्तों का हुजूम ब्रजघाट गंगानगरी में उमड़ रहा है। इसके अलावा दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान समेत पश्चिमी यूपी के दूरस्थ जनपदों से जुड़े शिवभक्त भी कांवड़ भरने आ रहे हैं, जिससे ब्रजघाट गंगानगरी चौतरफा भगवाधारियों से गुलजार होने के साथ ही हर हर महादेव और बम बम भोले के जयकारों से गुंजाइमान हो रही है। सावन की रिमझिम फुहारों से मौसम खुशगवार होने पर कांवड़ उठाने आ रहे शिवभक्तों का आगमन बढ़ा है। वहीं हरिद्वार से कांवड़ लेने जा रहे रहे क्षेत्रीय शिवभक्तों के अंतिम जत्थे शनिवार की सुबह को रवाना हुए, जिन्हें परिजनों समेत महिला और बच्चों ने मंगल गीत गाते हुए रवानगी दी।
शिविरों में हो रही भोले के भक्तों की सेवा
शिव भक्तों की सेवा के लिए दिल्ली लखनऊ नेशनल हाइवे समेत मेरठ रोड पर जगह जगह सेवा शिविर लगाए हुए हैं, जिनमें कई शिविरों में कांवड़ियों की सेवाभाव चालू हो गई है। गढ़ चौपला पर क्षेत्रीय विधायक कमल मलिक, बिजलीघर के पास चेयरमैन सोना सिंह, पुरानी कांच फैक्ट्री के पास ग्राम विकास अधिकारी आकाशदीप तोला, गुरुद्वारा परिसर में भाजपा किसान मोर्चा जिला प्रभारी ठाकुर सतबीर सिंह ने वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच कांवड़ सेवा शिविरों का शुभारंभ किया।