बंदरों ने महिला समेत तीन बच्चों पर किया हमला
गढ़मुक्तेश्वर। गढ़ ब्रजघाट में बंदरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को बंदरों ने महिला समेत तीन बच्चों पर हमला कर घायल कर दिया। स्थानीय लोगों ने बंदरों को पकड़ने की मांग की है।
ब्रजघाट में भीख मांगकर गुजर बसर करने वाली जयवीरी शुक्रवार की दोपहर घंटाघर के पास बैठी थी। इसी दौरान हाथ में आम देख बंदरों के झुंड ने उसे घेर लिया और सिर में काटकर घायल कर दिया। इसके अलावा दिल्ली स्थित सीमापुरी निवासी संजू, हेप्पी व गुड्डू स्नान स्नान करने के बाद पार्किंग स्थल में अपनी कार के पास खड़े होकर केले खा रहे थे। इसी दौरान बंदरों के झूंड ने केले झपट लिए। इस भगदड़ में तीनों बच्चे जख्मी भी हो गए। गंगा विचार मंच के वेस्टर्न यूपी सह संयोजक अशोक शर्मा, जिला सह संयोजक नरेश शर्मा, नगर संयोजिका पिंकी त्यागी का कहना है कि बंदरों के हमले बढ़ते जा रहे हैं। वहीं बागों से लेकर लहलहाती फसलों को भी बर्बाद कर रहे हैं। लेकिन इसके बाद भी पालिका प्रशासन, वन विभाग और स्थानीय प्रशासन बंदरों की धरपकड़ के लिए कोई कदम उठाने को तैयार नहीं हैं।
चेयरमैन सोना सिंह का कहना है कि पालिका की आगामी बोर्ड बैठक में बंदरों को पकड़वाने का प्रस्ताव रखा जाएगा। जिसके बाद वन विभाग के साथ संयुक्त टीम बनाकर बंदरों की रोकथाम को प्रभावी कार्रवाई कराई जाएगी।