कार और भैसा बुग्गी की टक्कर में दंपति समेत चार घायल
गढ़मुक्तेश्वर। नेशनल हाइवे पर तेज रफ्तार कार ने भैंसा बुग्गी में टक्कर मार दी। जिससे बुग्गी सवार दंपति समेत चार लोग घायल हो गए। वहीं पशु की मौके पर ही मौत हो गई। चिकित्सकों ने महसिला समेत दो लोगों को हापुड़ के लिए रेफर कर दिया है।
ब्रजघाट क्षेत्र के गांव बलवापुर निवासी सुभाष यादव अपनी पत्नी मनचला के साथ शुक्रवार की सुबह करीब साढ़े आठ बजे खेत हाइवे किनारे स्थित अपने खेतों से चारा काटकर घर लौट रहे थे। नेशनल हाईवे पर अल्लाबख्शपुर क्षेत्र में मुरादाबाद की तरफ से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी भैंसा बुग्गी में टक्कर मार दी। बुग्गी में कार की टक्कर लगने से भैंसे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बुग्गी पर बैठे सुभाष और मनचला भी उछल कर सड़क पर जा गिरे। वहीं कार चला रहा तनवीर और बराबर की सीट पर बैठे उसके पिता रफीक निवासी गांव किरा, थाना मिलक जनपद रामपुर भी घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार और बुग्गी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। वहीं चारा सड़क पर बिखरने से सड़क पर जाम की स्थिति बन गई।
पुलिस ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल
- हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने पिता-पुत्र को कार से निकलवाया और चारों घायलों को एंबुलेंस की मदद से स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से चिकित्सकों ने तनवीर और मनचला को गंभीर हालत में हापुड़ के लिए रेफर कर दिया। पुलिस टीम ने क्रेन की मदद से कार और बुग्गी को हाइवे से हटवाकर यातायात सुचारु कराया। ब्रजघाट चौकी प्रभारी मनीष चौहान ने बताया कि अभी किसी की तरफ से तहरीर नही आई है। तहरीर मिलने पर मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी। अगर तहरीर मिलती है तो तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।