किसान पर चाकुओं से हमले के मामले में रिपोर्ट दर्ज
गढ़मुक्तेश्वर। दुकान से घरेलू सामान की खरीदारी कर लौट रहे किसान पर चाकुओं से जानलेवा हमला करने के चार आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
सिंभावली क्षेत्र के गांव न्याजपुर खैया निवासी किसान कटार सिंह सोमवार की देर शाम करीब सात बजे गांव में ही एक दुकान पर घरेलू सामान खरीदने के लिए गया था। दुकान से लौटने के दौरान गांव के ही रहने वाले जोगिंद्र उर्फ मुन्नु, उसके बेटे धर्मजीत और परिवंदर समेत गांव भगवानपुर निवासी अभिषेक ने कटार सिंह को रास्ते में घेर लिया। जिन्होंने चाकू समेत धारदार हथियारों से हमला कर किसान को लहूलुहान कर दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से चिकित्सकों ने उसे मेरठ के लिए रेफर कर दिया। घटना के संबंध में कटार सिंह के बेटे ने चारो आरोपियों को नामजद करते हुए कार्रवाई की गुहार लगाई है। एसओ नीरज कुमार का कहना है कि तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है, जिनकी तलाश की जा रही है।