सावन के पहला सोमवार आज ब्रजघाट से उठीं हजारों कांवड़
गढ़मुक्तेश्वर। सावन का पहला सोमवार को भगवान शिव का जलाभिषेक। रविवार को ब्रजघाट गंगानगरी शिवभक्तों के बोल बम के जयकारों से गूंज उठी। हजारों शिवभक्त कांवड़ भरकर अपने गंतव्य स्थलों को रवाना हो गए। मंदिर और शिवालय भी सज गए हैं।
जनपद अमरोहा, मुरादाबाद, बिजनौर, रामपुर, बरेली, संभल, पीलीभीत में सावन मास के प्रत्येक सोमवार को भगवान आशुतोष का जलाभिषेक करने की विशेष धार्मिक मान्यता प्रचलित है। इसके चलते पहले सोमवार पर भगवान आशुतोष का जलाभिषेक करने के उद्देश्य से गंगा पार के जनपदों के हजारों शिवभक्तों का रविवार देर शाम को भी ब्रजघाट गंगानगरी में तांता लगा रहा। यहां से कांवड़ में गंगा जल भरकर शिवभक्त हर हर महादेव और बम बम भोले के जयकारे लगाते हुए अपने गंतव्य स्थलों को लौट रहे हैं। गंगा सभा के अध्यक्ष अशोक नागर, गंगा विचार मंच के जिला सह संयोजक नरेश शर्मा, नगर संयोजिका पिंकी त्यागी, श्री गंगा सेवा समिति के अध्यक्ष विनय मिश्रा, व्यापारी नेता पंडित हरिशंकर शर्मा का कहना है कि पहले सोमवार को भगवान भोले का जलाभिषेक करने को गंगा पार के जनपदों के दस हजार से भी अधिक शिवभक्त ब्रजघाट गंगा से कांवड़ भरकर ले गए हैं, जबकि गजरौला समेत आसपास के क्षेत्रों के शिवभक्तों द्वारा सोमवार की सुबह तक कांवड़ उठाकर ले जाने का सिलसिला चलेगा।
शिवभक्तों का जत्था कांवड़ लेने हरिद्वार रवाना
गढ़ के मोहल्ला राजीव नगर से शिवभक्तों का जत्था रविवार की सुबह शिवम कुमार के नेतृत्व में हरिद्वार को रवाना हुआ। जत्थे में शामिल अनुज, राहुल, शोभित, राकेश, मुनेंद्र ने बताया कि हरिद्वार गंगा से कांवड़ भरकर मंगलवार की सुबह वापसी प्रारंभ की जाएगी।